डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री के के गुप्ता को ब्राण्ड एम्बेसेडर, स्वच्छ राजस्थान बनाया गया

जयपुर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के राज्य समन्वयक और डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री के के गुप्ता को राज्य सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान का स्वच्छता ब्राण्ड एम्बेसेडर, स्वच्छ राजस्थान बनाया है।

मुख्यमन्त्री श्री भजन लाल शर्मा के निर्देश पर स्वायत्त शासन विभाग के आयुक्त एवं शासन सचिव श्री रवि जैन के हस्ताक्षर से उक्त सन्दर्भ में राज्य के समस्त जिला कलेक्टर को पत्र जारी किया है।

राज्य सरकार द्वारा सौपे गए नवीन दायित्व के तहत श्री के के गुप्ता राज्य के समस्त जिलों और निकायी क्षेत्रों में स्वच्छता जागरूकता अभियान को सशक्त बनाने के दायित्व का निर्वहन करेंगे। स्वायत्त शासन सचिव द्वारा जारी पत्र में राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए है कि वे जिला स्तर और राज्य के सभी स्थानीय निकायों में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्री के के गुप्ता की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित करें और स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए उनके द्वारा बताये गए कार्यों और निर्देशों की पालना रिपोर्ट सात दिन में स्वायत्त शासन विभाग को प्रेषित करेंगे। इन बैठकों में स्थानीय निकायॉ के महापौर, सभापति, अध्यक्षों और पार्षदों को भी आमंत्रित करने के साथ ही डूंगरपुर मॉडल के कार्यों का प्रजेंटेशन करने के निर्देश भी दिए गए है । श्री गुप्ता को राज्य के सभी सर्किट हाउसों में राजकीय यात्रा करने पर अ -1 श्रेणी की दर पर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए है ।

श्री के के गुप्ता को विशेष रूप से उनके “डूंगरपुर मॉडल” के लिए जाना जाता है। उनके मार्गदर्शन में डूंगरपुर जिले ने स्वच्छता सर्वेक्षणों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और डूंगरपुर को राज्य का पहला खुले में शौच मुक्त शहर भी बनाया। उनके नेतृत्व में डूंगरपुर जिले ने स्वच्छता सर्वेक्षणों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और प्रदेश ही नहीं, देश और विदेश में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई।

उल्लेखनीय है कि श्री के के गुप्ता पूर्व में भी दो बार राज्य सरकार के स्वच्छता ब्राण्ड एम्बेसेडर रहें है। श्री गुप्ता को उनके अनुकरणीय कार्यों और सेवाओं के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई अवार्ड प्रदान किए गए है। साथ ही विदेशी सरकारों और प्रतिष्ठानों द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!