प्रतापगढ़ पुलिस का चक्रव्यूह: जोधपुर के एनडीपीएस एक्ट में 2 साल से फरार ₹10,000 का ईनामी और एमपी के एनडीपीएस एक्ट में वांछित दो तस्कर गिरफ्तार

जयपुर 03 फरवरी। प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत अरनोद थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जोधपुर और मध्य प्रदेश के एनडीपीएस मामलों में पिछले दो साल से फरार चल रहे दो शातिर नशा तस्करों को कड़ी मशक्कत के बाद दबोच लिया है। इसमें एक आरोपी पर ₹10,000 का ईनाम घोषित था।

*2 किलोमीटर तक जंगलों और नदी तलहटी में पीछा, फिर हत्थे चढ़ा ईनामी तस्कर*

एसपी आदित्य ने बताया कि पकड़ा गया पहला आरोपी कृष्णकुमार उर्फ कारेश्वर डांगी (22) निवासी पंडुनी, जोधपुर ग्रामीण के बिलाड़ा थाने में दर्ज ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में वांछित था। साल 2024 से फरार इस आरोपी पर जोधपुर ग्रामीण एसपी द्वारा ₹10,000 का ईनाम रखा गया था।

अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में जब पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी, तो वह भागने लगा। पुलिस टीम ने उबड़-खाबड़ रास्तों, जंगलों और नदी की तलहटी में करीब 2 किलोमीटर तक पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी अपने मामा भंवरलाल डांगी निवासी साखथली खुर्द के घर छिपकर फरारी काट रहा था।

*एमपी पुलिस का वांछित तस्कर सलमान भी गिरफ्तार*

इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक अन्य वांछित अपराधी सलमान मुसलमान (32) निवासी नौगावां थाना अरनोद को भी डिटेन किया है। सलमान रतलाम (मध्य प्रदेश) के दीनदयाल थाने में दर्ज 9 ग्राम एमडी तस्करी के मामले में वांछित था। यह आरोपी भी पिछले दो साल से अपने ससुराल और रिश्तेदारियों में छिपकर पुलिस को चकमा दे रहा था। इसे भी पुलिस ने पीछा कर पकड़ा और इसकी सूचना रतलाम पुलिस को दे दी गई है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!