अंबामाता थाने में महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र का शुभारंभ

जागरूकता रैली के माध्यम से दिया महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

उदयपुर, 7 फरवरी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सशक्त बनाने की दिशा में महिला अधिकारिता विभाग की पहल पर शहर के अंबामाता थाना में महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र का शुभारंभ शनिवार को शहर विधायक ताराचंद जैन के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर विधायक जैन ने कहा कि महिलाएं सहनशीलता और सकारात्मक सोच के साथ परिवार को जोड़ने तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। वहीं शहर पश्चिमी वृत्त अधिकारी राजेश यादव ने कहा कि परिवार के दो स्तंभ होते हैं और दोनों की समान सहभागिता से ही परिवार सुदृढ़ बनता है।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक संजय जोशी ने बताया कि यह केंद्र महिलाओं और बच्चों के लिए न्याय, संरक्षण, परामर्श और विधिक सहायता का भरोसेमंद मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि टूटते परिवारों को बचाने, हिंसा मुक्त वातावरण तैयार करने और पीड़ित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा। केंद्र पर एक विधिक परामर्शदाता और एक सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा निरंतर सेवाएं प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट विमला वीरवाल ने बाल विवाह रोकथाम एवं जागरूकता अभियान के तहत शपथ दिलाई। कार्यक्रम के पश्चात महिलाओं द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं हिंसा मुक्त समाज के संदेश के साथ रैली भी निकाली गई, जिसमें महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम और समान अधिकारों का संदेश दिया। उपनिरीक्षक एवं कार्यवाहक थाना अधिकारी अजय राज सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कोमल कुमार, हरिप्रसाद आमेटा, श्रीमती सुमन, श्रीमती पूजा, सुश्री तरूणा, श्रीमती किर्ति, सागर सिंह, भरत पछोला, गिरजा गमेती आदि मौजूद रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!