स्वच्छता में उदयपुर की ऊंची उड़ान, देश में 13वीं, प्रदेश में तीसरी रैंक

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 की घोषणा
नगर निगम प्रशासक व कलक्टर नमित मेहता और आयुक्त के प्रयास लाए रंग
12500 में से 10478 अंक मिले उदयपुर को
उदयपुर, 17 जुलाई। पर्यटन के क्षेत्र में विश्व स्तर पर विशिष्ट मुकाम हासिल कर चुकी झीलों की नगरी उदयपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार उंची उड़ान भरी। नगर निगम प्रशासक व जिला कलक्टर नमित मेहता और आयुक्त अभिषेक खन्ना के प्रयासों से उदयपुर इस बार देश भर में 13वें और राजस्थान में तीसरे पायदान तक पहुंचने में सफल रहा। पिछली बार उदयपुर की देश में रैंक 1241 थी। जिला प्रशासन के निर्देशन में नगर निगम द्वारा लगातार किए गए नवाचार और जनभागीदारी से इस बार उदयपुर ने एक वर्ष में 1228 स्थानों का सुधार करते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

इन प्रयासों ने पहुंचाया अग्रिम पंक्ति में
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि नगर निगम प्रशासक एवं जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में निगम द्वारा शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च पायदान पर पहुंचाने हेतु कई कार्य संपन्न किए। इसमें प्रमुख रूप से घर-घर कचरा संग्रहण कार्य रहा है। इस कार्य में पिछले वर्ष जहां परिणाम केवल 40 प्रतिशत था वहीं इस वर्ष नगर निगम द्वारा 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए है। नो सेग्रिगेशन नो वेस्ट कलेक्शन के अंतर्गत सोर्स सेग्रिगेशन को 40 प्रतिशत से बढाकर 82 प्रतिशत तक लाया गया। कचरा वैज्ञानिक प्रसंस्करण में निगम को 8 प्रतिशत, कचरा मुक्त शहर जीएफसी में 3 स्टार का दर्जा, खुले में शौच मुक्त का दर्जा आदि कार्यों में निगम ने कई बदलाव करते हुए अपना सफलतम प्रयास कर उदयपुर को उच्च पायदान पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगर निगम द्वारा अपने मूलभूत कार्यों में उल्लेखनीय सुधार किया गया। पूरी टीम ने लगन के साथ कार्य करते हुए उदयपुर में सुधार हेतु जन जागरण अभियान चलाए। इन्हीं अभियानों के परिणाम स्वरूप उदयपुर आज स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च पायदान पर पहुंचा।

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में उदयपुर को 12500 में से 10478 अंक प्राप्त हुए। यह अंक निगम द्वारा सम्पादित विभिन्न कार्यों की गुणवत्ता को देखते हुए सर्वेक्षण टीम द्वारा दिए गए। खन्ना ने बताया कि इस परिणाम के पीछे निगम के पूर्व आयुक्त रामप्रकाश द्वारा प्रारंभ किए गए जन जागरण अभियान का योगदान रहा है। नियमित रूप से पूर्व आयुक्त द्वारा शहर वासियों को निगम को सहयोग के लिए अपील जारी की। शहरवासियों ने भी निगम के सहयोग कर उदयपुर को उच्च स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयुक्त ने आईईसी एक्टिविटी के द्वारा स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम, स्वच्छता अपनाओ बीमारी भगाओ कार्यक्रम, सुशासन दिवस तथा डोर टू डोर जागरूकता अभियान, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय तथा युरिनल की साफ सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक बैन जागरूकता अभियान, आरआरआर सेंटर, झील सफाई अभियान, स्वच्छता रैली, शहीद स्मारक व महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ सफाई तथा एतिहासिक धरोहर एवं पर्यटन स्थलों की साफ सफाई व जागरूकता के कई कार्यक्रम आयोजित किए जिससे उदयपुर में सफाई को लेकर एक आश्चर्य जनक परिणाम प्राप्त हुए। स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी एवं अधिशाषी अभियंता यांत्रिक लखन लाल बैरवा, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा मय सफाई कार्मिकों की टीम का सराहनीय योगदान रहा है।

शहरवासियों के सहयोग से मिली सफलता – जिला कलक्टर
उदयपुर को प्रकृति ने अनुपम उपहार दिए हैं, यही वजह है कि पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान रखता है। दुनिया भर से लोग यहां आते हैं। स्वच्छता को लेकर पूरी टीम ने प्रयास किए, शहरवासियों का पूर्ण सहयोग मिला। इससे सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए। भविष्य में भी स्वच्छता पर फोकस करते हुए और अधिक कार्य करने की आवश्यकता है। शहरवासियों को निरंतर सहयोग की अपेक्षाओं के साथ पुनश्च बधाई।
– नमित मेहता, जिला कलक्टर एवं प्रशासक नगर निगम, उदयपुर

नई चुनौतियां के लिए तैयार – आयुक्त
उदयपुर द्वारा अभी तक के किए गए उत्कर्ष प्रदर्शन पर शहर वासियों तथा नगर निगम की पूरी टीम को बधाई। इस सफलता को कायम रखते हुए आगे बढ़ने की नई चुनौतियां भी हैं। हमें अब और अधिक अच्छा करने के लिए तैयार रहना होगा। वर्तमान स्थिति को यथावत जारी रखते हुए हमें भविष्य के लिए तैयारी अभी से आरम्भ करनी होगी। टीम वर्क के साथ पूरा शत प्रतिशत प्रदर्शन कर उदयपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में अग्रिम पायदान पर पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संपादित कार्यों में सहयोग करना होगा।
– अभिषेक खन्ना, आयुक्त नगर निगम, उदयपुर

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!