400 छात्राओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं योग के प्रति किया जागरूक
मिरांश फाउंडेशन के तत्वावधान में स्वास्थ्य एवं जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल
उदयपुर। छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मिरांश फाउंडेशन के तत्वावधान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-11, उदयपुर के परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा नेत्र जांच, दंत जांच, वेलनेस एवं न्यूट्रिशन संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। इसके साथ ही छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष योग सत्र का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अलख नयन की डॉक्टर एवं पूरी टीम द्वारा छात्राओं की नेत्र जांच की गई तथा आंखों की उचित देखभाल एवं नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया गया। नेत्र जांच के माध्यम से छात्राओं को आंखों की नियमित देखभाल एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं बंसल डेंटल की ओर से डॉ. बाबिता, डॉ. वंशिका अरोड़ा एवं डॉ. नीतू जाखड़ द्वारा दंत जांच की गई। इस दौरान छात्राओं को दांतों की उचित देखभाल, मुख स्वच्छता एवं नियमित दंत परीक्षण के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। बंसल डेंटल टीम में अंकित पांडे (मैनेजर), पंकज, खुशबू (वीटी), प्रियंका (ऑप्टम) एवं रूपलाल (सीएचडब्ल्यू) का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा।
शिविर में सुनीता तंवानी, वेलनेस एवं न्यूट्रिशनिस्ट, द्वारा छात्राओं को पोषण, स्वास्थ्य, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने छात्राओं को अपने दैनिक जीवन में संतुलित एवं पौष्टिक आहार को शामिल करने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में योग प्रशिक्षक ख़ुशी माधवानी द्वारा विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। योग सत्र के माध्यम से छात्राओं को योग एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रितु सिंघवी एवं विद्यालय के शिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रधानाचार्या एवं शिक्षकों ने शिविर को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई तथा छात्राओं को स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय प्रधानाध्यापिका की ओर से मिरांश फाउंडेशन, अलख नयन, बंसल डेंटल, सुनीता तंवानी एवं योग प्रशिक्षक खुशी माधवानी का इस उपयोगी एवं जनहितकारी पहल के लिए आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल हैं।
इस सेवा उपक्रम की सफलता में मिरांश फाउंडेशन की संस्थापिका मिताली जैन सहित पूरी टीम का उल्लेखनीय सहयोग रहा। आयोजन में अध्यक्ष- जीनल माधवानी ,उपाध्यक्ष- सलोनी व्यास , कोषाध्यक्ष-प्रियांशु बाबेल एवं मंत्री -कुणाल जैन की सक्रिय भूमिका रही।
मिरांश फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर छात्राओं के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा। शिविर के माध्यम से छात्राओं को नेत्र स्वास्थ्य, दंत स्वच्छता, पोषण, वेलनेस एवं योग के महत्व की जानकारी मिली। विद्यालय परिवार ने मिरांश फाउंडेशन की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की कामना की।
